October 19, 2025

संबंधित क्षेत्र के भवन अधिकारियों और निरीक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र

उज्जैन। सिंहस्थ क्षेत्र में अवैध निर्माण होने दौरान अपनी जिम्मेदारियों से बचे निगम इंजीनियर भी कार्रवाई के दायरे में आ गए है। वर्ष 2016 के बाद हो रहे निर्माण कार्यों को रोकने की बजाय इंजीनियरों ने नजरअंदाजी की जिस पर अब कलेक्टर आशीष सिंह ने सख्ती दिखाना शुरू की है। शहर के जनप्रतिनिधि भी दो टूक कह चुके हैं कि इसके लिए जो जिम्मेदार इंजीनियर है उन पर भी कड़ी कार्रवाई होना चाहिए। इसी के चलते कलेक्टर से प्राप्त निर्देश पर निगमायुक्त अंशुल गुप्ता ने अवैध निर्माण कार्य चलने के दौरान पदस्थ भवन अधिकारियों / भवन निरीक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये गए हैं।
वर्ष 2016 की स्थिति अनुसार सिंहस्थ क्षेत्र में कतिपय अतिक्रमणकारियों द्वारा सिंहस्थ मेला क्षेत्र में अवैध निर्माण कर अतिक्रमण किये गए थे। साथ ही कालोनाईजरो द्वारा सिंहस्थ क्षेत्र में अवैध कालोनी काटी जाकर सिंहस्थ हेतु आरक्षित भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। तत्कालीन भवन अधिकारी / भवन निरीक्षक के पद पर पदस्थी के दौरान लापरवाही के कारण सिंहस्थ मेला क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों द्वारा सिंहस्थ मेला क्षेत्र को प्रभावित किया है। जिसके क्रम में भवन अधिकारियों / भवन निरीक्षको को नोटिस दे कर उनसे 3 दिवस के अंदर स्पष्टीकरण चाहा गया है। इनके जवाब संतोषप्रद नहीं होने की स्थिति में इंजीनियरों को निलंबित करने व संचयी प्रभाव से वेतन वृद्धि रोके जाने की कार्रवाई प्रस्तावित होगी।

अवैध निर्माण हटाने संबंधी फाइल फोटो।