February 2, 2026

घोष धुन पर स्वयंसेवकों ने किया कदमतल, विभिन्न संगठनों ने की पुष्प वर्षा

उज्जैन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस विजयादशमी पर शहर में करीब 100 स्थानों से संघ के बस्ती क्षेत्र पथ संचलन निकले। शाखा स्थलों सहित अन्य परिसरो में पहले प्रार्थना, अमृत वचन, ध्वज वंदन व बौद्धिक कार्यक्रम हुए। इसके बाद घोष की धुन पर स्वयं सेवक कदमताल करते विभिन्न क्षेत्रों में संचलन के रूप में निकले। संघ के उज्जैन महानगर ने पहली बार प्रत्येक बस्ती क्षेत्र से पृथक संचलन निकालने की व्यवस्था तय की। पूर्व में संघ की रचना वाले प्रत्येक नगर के मान से संचालन आयोजित किए जाते थे। लेकिन इस बार हर बस्ती क्षेत्र के स्वयंसेवकों को जोड़ने के लिए प्रत्येक बस्ती क्षेत्र से तरुण व्यवसायी संचलन निकाले गए। सभी स्थानों पर संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने राष्ट्र को परम वैभव पर ले जाने का आव्हान स्वयंसेवकों से किया और संघ के वर्ष 1925 में हुई स्थापना से लेकर अब तक के कार्यों पर प्रकाश डाला। बता दें कि वर्ष 2024 में संघ का शताब्दी वर्ष रहेगा उस निमित्त भी अभी से विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा बनने लगी है। पथ संचलन में भाजपा के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षद सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता भी शामिल रहे।

कुछ जगह बाल स्वयं सेवक भी शामिल हुए।
संघ की हरसिद्धि शाखा का संचलन राणो जी की छतरी क्षेत्र से निकला।